सरकारी कर्मचारियों की
1 से 30 मई तक छुट्टियों पर लगी रोक
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 1 मई से 30 मई 2026 तक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। कलेक्टर प्रियांक मिश्रा द्वारा जारी यह आदेश उन कर्मचारियों पर लागू होंगे, जिनकी ड्यूटी आगामी जनगणना में लगाई गई है।
जानकारी के अनुसार 1 मई से जनगणना के पहले चरण के तहत मकानों की सूची बनाने और उनकी गणना का कार्य शुरू होगा, जो 30 मई तक चलेगा। इस महत्वपूर्ण कार्य को समय पर और सुचारु रूप से पूरा करने के लिए भोपाल के 6 हजार से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस दौरान सभी कर्मचारियों की हर प्रकार की छुट्टियों पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, किसी अत्यंत आवश्यक पारिवारिक कार्य या चिकित्सा आपात स्थिति में विभाग के प्रमुख की विशेष अनुमति के बाद ही छुट्टी दी जा सकेगी। तहसीलदार ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि इस बार जनगणना आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 अप्रैल को स्व-गणना पोर्टल की शुरुआत की थी, जहां नागरिक 30 अप्रैल तक स्वयं अपना विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 मई से सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर सूचीकरण का कार्य शुरू करेंगे।